भिलाई: दुर्ग कलेक्टर परिसर में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां भोईपारा निवासी युवराज सार्वा (54) ने म्यार में नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर मर्ग कायम किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी भेजा गया।
बीमारी से परेशान होकर उठाया कदम
जानकारी के मुताबिक युवराज सार्वा शुगर की बीमारी से लंबे समय से परेशान था। उसके पैरों में गंभीर घाव हो गया था, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। घटना वाले दिन उसकी पत्नी की तबियत भी अचानक खराब हो गई थी। बेटा अस्पताल में पिता को बताकर मां को देखने गया था, इसी बीच वह आधी रात को अस्पताल से बिना बताए निकल गया। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
ई-रिक्शा चलाकर करता था परिवार का भरण-पोषण
युवराज सार्वा अपने परिवार का पालन-पोषण ई-रिक्शा चलाकर करता था। उसके परिवार में चार बेटियां, एक बेटा और पत्नी हैं। पुलिस का अनुमान है कि बीमारी, पैर के घाव और मानसिक तनाव के कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया होगा।
पुलिस जांच जारी
दुर्ग कोतवाली टीआई तापेश नेताम ने बताया कि पूरे मामले में जांच जारी है। अस्पताल से निकलकर कलेक्टर परिसर तक पहुंचने की वजहों की पड़ताल की जा रही है।
