CG Prime News@बिलासपुर. Severe Heatwave in Chhattisgarh; Vyapam Exam Timings Rescheduled छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का सितम जारी है। बुधवार को बिलासपुर में भीषण गर्मी को देखते हुए व्यापम की प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में बदलाव किया गया है। अब परीक्षाएं सुबह 10 बजे से आयोजित होंगी, जबकि पहले ये दोपहर 12 बजे से होती थीं। 26 अप्रैल को मंडी बोर्ड उप निरीक्षक परीक्षा, 14 मई को एसएससी नर्सिंग व पीईटी प्रवेश परीक्षा और 21 मई को पीपीएचटी परीक्षा सुबह 10 बजे से होगी।
43 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा
बिलासपुर में टेम्प्रेचर 43 डिग्री तक पहुंच गया है। भीषण गर्मी से बचने रेलवे स्टेशन पर पानी की फुहारें छोड़ी जा रही है। प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मिस्टिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे निकलने वाली ठंडे पानी की हल्की फुहार से यात्रियों को राहत मिल रही है।
जगदलपुर में हुई बारिश
वहीं बुधवार दोपहर जगदलपुर में तेज बारिश हुई। साथ ही ओले भी गिरे। इस दौरान दोपहर में ही अंधेरा छा गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकती है।
सभी परीक्षा केंद्रों में पेयजल और पंखे की व्यवस्था
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में ठंडे पेयजल, पंखे और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय में हुए बदलाव का ध्यान रखते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
दुर्ग में पारा पहुंचा 41 डिग्री के पार
दुर्ग जिले में भी सूरज आग उगल रहा है। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में ज्यादातर सड़के सूनी दिखाई दी। वहीं रात में भी गर्म हवाएं चलने के कारण बाजारों की रौनक गायब होने लगी है। दिन की गर्मी के साथ रात में भी उमस भरी गर्म हवाओं से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
अगले 3 दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
रायपुर में 44°C तक पहुंचेगा पारा
राजधानी में आज हीट वेव और गर्म रात की स्थिति रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 44°C और न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रहने का अनुमान है।
