CG Prime News@दुर्ग.Newlywed woman commits suicide in Durg, driven by dowry harassment; two accused arrested दुर्ग जिले में ससुराल की दहेज प्रताडऩा से तंग आकर नवविवाहिता ने सुसाइड कर लिया। नवविवाहिता की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग गांव से फरार हो गए थे। नंदिनी नगर थाना पुलिस ने इस मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी सिमगा क्षेत्र में लुक-छिपकर रह रहे थे। पुलिस टीम ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार किया।
यह है पूरा मामला
7 अप्रैल 2026 को नंदिनी नगर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम सहगांव निवासी एक नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष के सदस्यों द्वारा लगातार दहेज की मांग एवं प्रताडऩा से परेशान होकर आत्महत्या कर लिया था। मामले की जांच उपरांत थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 80(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
अपराध दर्ज होते ही फरार हो गए थे आरोपी
अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी मिलते ही आरोपीगण अपने निवास से फरार हो गए थे। विवेचना के दौरान लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी युवराज पटेल और ओम प्रकाश पटेल सिमगा क्षेत्र में लुक-छिपकर रह रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी उपरांत आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. युवराज पटेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम सहगांव, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
2. ओम प्रकाश पटेल, उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम सहगांव, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
इस टीम ने की कार्रवाई
उक्त कार्रवाई में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, धमधा के मार्गदर्शन में थाना नंदिनी नगर के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की सफलतापूर्वक गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
