Wednesday, July 22, 2026
Home » Blog » सोनम वांगचुक के धरने में दिल्ली जा रहे छत्तीसगढ़ के युवक की रोड एक्सीडेंट में मौत

सोनम वांगचुक के धरने में दिल्ली जा रहे छत्तीसगढ़ के युवक की रोड एक्सीडेंट में मौत

नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली जा रहे थे दोनों युवक, सीतापुर क्षेत्र में शोक

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
सोनम वांगचुक के धरने में दिल्ली जा रहे छत्तीसगढ़ के युवक की रोड एक्सीडेंट में मौत

CG Prime News@सरगुजा. दिल्ली के जंतर-मंतर में सोनम वांगचुक के धरने में शामिल होने जा रहे छत्तीसगढ़ के दो युवक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। दोनों युवक सीतापुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं।

दिल्ली जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सीतापुर ब्लॉक के ग्राम आरा निवासी दीपक सिंह (26) और उसका साथी सुरेश सिंह (26) 18 जुलाई को नीट पेपर लीक के विरोध में आयोजित धरने में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हुए थे। दोनों युवक पल्सर बाइक से राधापुर, सरगुजा से दिल्ली के लिए निकले थे।

यात्रा के दौरान अलीगढ़ में उनकी बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दीपक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


सोनम वांगचुक के धरने में दिल्ली जा रहे छत्तीसगढ़ के युवक की रोड एक्सीडेंट में मौत

सोनम वांगचुक के धरने में दिल्ली जा रहे छत्तीसगढ़ के युवक की रोड एक्सीडेंट में मौत

पहचान पत्र से हुई सूचना

अलीगढ़ पुलिस को युवकों के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान हुई। इसके बाद अलीगढ़ पुलिस ने सीतापुर थाने को हादसे की सूचना दी। सीतापुर पुलिस ने ग्राम आरा के सरपंच अजीत तिर्की के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मृतक और घायल युवक के परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए। गांव में हादसे की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई।

सोशल मीडिया पर जताया था समर्थन

दिल्ली रवाना होने से पहले दोनों युवकों ने सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक के आंदोलन को समर्थन देते हुए पोस्ट साझा किया था। पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “हमारे सपने बिकाऊ नहीं हैं, हम न्याय लेकर रहेंगे।”युवकों ने पोस्ट में यह भी बताया था कि वे 18 जुलाई की रात 11 बजे राधापुर, सरगुजा से बाइक द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।

पुलिस ने दी पुष्टि

सीतापुर पुलिस ने बताया कि अलीगढ़ में सड़क हादसे की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और वे अलीगढ़ पहुंच रहे हैं। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

You may also like