इंदिरा मार्केट में पुलिस की कार्रवाई, 280 घड़ियां जब्त
दुर्ग। Racket involving counterfeit Titan-Fastrack watches exposed in Durg shop operator arrested. शहर के इंदिरा मार्केट में ब्रांडेड कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर नकली घड़ियां बेचने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टाइटन और फास्ट्रैक कंपनी की नकली घड़ियां बेचने के आरोप में दुकान संचालक कमलेश निर्मलकर (41) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की दुकान से बड़ी संख्या में नकली घड़ियां और अन्य सामग्री बरामद की है।
शिकायत के बाद दुकान पर दी गई दबिश
पुलिस के मुताबिक 5 सितंबर 2026 को गौरव तिवारी ने दुर्ग कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता को टाइटन कंपनी की ओर से ब्रांडेड घड़ियों की असली-नकली पहचान और संबंधित कार्रवाई के लिए अधिकृत बताया गया है। सूचना के आधार पर इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच में नकली घड़ियां बेचे जाने की जानकारी पुलिस तक पहुंची थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने शाम करीब 6 बजे दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान दुकान से टाइटन और फास्ट्रैक के नाम से बड़ी संख्या में घड़ियां और संबंधित टैग बरामद किए गए।
280 नकली घड़ियां और 275 टैग जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में टाइटन एवं फास्ट्रैक की 280 नकली घड़ियां, फास्ट्रैक कंपनी के 275 नकली टैग और घटना में इस्तेमाल आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कथित तौर पर प्रसिद्ध ब्रांड के नाम और ट्रेडमार्क का इस्तेमाल कर नकली उत्पादों को ग्राहकों के बीच असली बताकर बेचता था।

कॉपीराइट एक्ट और BNS के तहत केस
जांच में मामला प्रथमदृष्टया कॉपीराइट एवं धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत पाए जाने पर दुर्ग कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 0483/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में दुर्ग कोतवाली के उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक मोहन साहू एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब यह भी जांच का विषय है कि नकली घड़ियों की सप्लाई आरोपी तक कहां से पहुंच रही थी।

