Wednesday, July 22, 2026
Home » Blog » डिजिटल FIR प्रणाली लागू करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला जिला बना दुर्ग

डिजिटल FIR प्रणाली लागू करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला जिला बना दुर्ग

ई-साइन के माध्यम से विवेचक और प्रार्थी दोनों की डिजिटल प्रक्रिया शुरू, FIR पंजीयन होगा पारदर्शी और पेपरलेस

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
डिजिटल FIR प्रणाली लागू करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला जिला बना दुर्ग

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिला अब छत्तीसगढ़ में पूर्णतः डिजिटल एफआईआर (FIR) प्रणाली लागू करने वाला पहला जिला बन गया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए E-Pen और ई-साइन तकनीक के माध्यम से दुर्ग जिले में FIR पंजीयन की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से संचालित की जा रही है। इस उपलब्धि के साथ दुर्ग पुलिस ने राज्य में तकनीक-आधारित पुलिस सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

सभी विवेचक कर रहे ई-साइन का उपयोग

दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिले के सभी विवेचक अब शत-प्रतिशत ई-साइन के माध्यम से प्रथम सूचना पत्र (FIR) की प्रक्रिया संपादित कर रहे हैं। इससे एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुरक्षा और समयबद्धता सुनिश्चित हो रही है। डिजिटल हस्ताक्षर प्रणाली के कारण कागजी कार्यवाही में कमी आएगी और अभिलेखों का सुरक्षित संधारण भी संभव होगा।

थाना भिलाई नगर में हुआ पहला प्रार्थी ई-साइन

इस डिजिटल पहल के तहत थाना भिलाई नगर में प्रार्थी का पहला ई-साइन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इसके साथ ही दुर्ग ऐसा पहला जिला बन गया है जहां विवेचक और प्रार्थी दोनों के डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से पूर्णतः डिजिटल एफआईआर प्रक्रिया लागू की गई है।पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदाय E-Pen के उपयोग से यह प्रक्रिया और अधिक सुगम बनी है। अधिकारियों का मानना है कि इससे नागरिकों को थानों में बेहतर और आधुनिक सेवाएं मिलेंगी।


पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल व्यवस्था

डिजिटल एफआईआर प्रणाली लागू होने से एफआईआर पंजीयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और नागरिक-अनुकूल बनेगी। साथ ही यह व्यवस्था पेपरलेस कार्यप्रणाली को बढ़ावा देगी और डिजिटल रिकॉर्ड के प्रभावी प्रबंधन में भी सहायक होगी। दुर्ग पुलिस ने कहा है कि वह आधुनिक तकनीक के माध्यम से पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर नवाचार और डिजिटल प्रणालियों के विस्तार हेतु प्रतिबद्ध है।

You may also like