Tuesday, July 21, 2026
Home » Blog » बिलासपुर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 महिलाओं की मौत, 6 घायल

बिलासपुर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 महिलाओं की मौत, 6 घायल

हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव के पास कच्ची सड़क पर हुआ हादसा, ग्रामीणों ने ट्रॉली के नीचे दबे मजदूरों को निकाला

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
बिलासपुर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 महिलाओं की मौत, 6 घायल

CG Prime News@बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली कच्ची सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव के पास हुई।

धान रोपाई के लिए जा रहे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, मुड़पार गांव के कई मजदूर गांव के ही एक किसान के खेत में धान रोपाई करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। सुबह कच्ची सड़क से गुजरते समय ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के दौरान ट्रॉली में सवार कई मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना इतनी अचानक हुई कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

ग्रामीणों ने किया राहत कार्य

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और अन्य मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिलकर ट्रॉली को उठाया और उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया। हालांकि, दो महिला मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


अस्पताल में चल रहा उपचार

सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कच्ची सड़क पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से हादसा होना माना जा रहा है। पुलिस चालक, घायल मजदूरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

You may also like