CG Prime News@दुर्ग.Broker arrested for fraud in land deal in durg दुर्ग जिले की मोहन नगर थाना पुलिस ने जमीन के सौदे में धोखाधड़ी करने वाले एक जमीन दलाल को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पीडि़त से भूमि खरीदने के नाम पर 10.01 लाख रुपए की राशि प्राप्त कर बाद में उस भूमि को अन्य व्यक्ति को अधिक कीमत पर बेच दिया। लाभ कमाया। भूमि का सीमांकन कराने और मौके पर स्थित बिजली खंभे को हटवाने का आश्वासन देकर आरोपियों द्वारा पीडि़त को लगातार झांसा दिया जाता रहा। पीडि़त की शिकायत पर थाना मोहन नगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
यह है पूरा मामला
पीडि़त विजय सिंह चौहान, उम्र 53 वर्ष, निवासी शांति नगर ने 14.09.2026 को थाना मोहन नगर में शिकायत प्रस्तुत किया। शिकायत के अनुसार वर्ष 2024 में पीडि़त की पहचान अजय साहू से हुई थी। जिसने स्वयं को जमीन खरीद-बिक्री का कार्य करने वाला बताते हुए लोकेश खुल्लर और अमित साहू से परिचय कराया।
भूमि दिखाकर किया सौदा
आरोपियों ने पीडि़त को उरला, दुर्ग स्थित भूमि दिखाकर कम समय में अधिक लाभ होने का विश्वास दिलाया। भूमि लगभग 10 हजार वर्गफीट बताई गई। जिसे पीडि़त द्वारा अकेले खरीदने में असमर्थता व्यक्त करने पर लोकेश खुल्लर द्वारा आधी भूमि स्वयं खरीदने और पीडि़त के साथ साझेदारी में सौदा करने की बात कही गई।

इसके बाद भूमि स्वामियों से मुलाकात कराकर उक्त भूमि का सौदा 1,250 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से तय किया गया। दिनांक 07.10.2024 को भूमि संबंधी इकरारनामा निष्पादित कराया गया। रजिस्ट्री से पूर्व भूमि का सीमांकन कराने और मौके पर स्थित बिजली खंभा हटवाने की जिम्मेदारी लोकेश खुल्लर द्वारा ली गई।
अलग-अलग तारीख में किए पैसे ट्रांसफर
पीडि़त के अनुसार आरोपियों के कहने पर दिनांक 3.10.2024 को अमित साहू को 51,000 रुपए और दिनांक 07.10.2024 को भूमि स्वामियों के नाम क्रमश: 5,00,000 रुपए और 4,50,000 रुपए के चेक दिए गए। जिनकी राशि संबंधित खातों से प्राप्त की गई। निर्धारित समय तक भूमि का सीमांकन और रजिस्ट्री नहीं कराई गई। पीडि़त को लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में पीडि़त को जानकारी मिली कि उक्त भूमि अन्य व्यक्ति को विक्रय कर रजिस्ट्री कर दी गई है। राशि वापस मांगने पर राशि वापस नहीं की गई।

दो आरोपी फरार
शिकायत के आधार पर थाना मोहन नगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की की पहचान कर उसे दिनांक 15.09.2026 को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। मामले में अन्य 2 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
इस आरोपी को किया गिरफ्तार
लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की, उम्र 38 वर्ष, निवासी मैत्री नगर, रिसाली, भिलाई, जिला दुर्ग।
