CG Prime News@कोलकाता. West Bengal by election 2026 Nandigram bypoll पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा (BJP) ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने नंदीग्राम से हसीरानी रथ और रेजीनगर से शाश्वर सरकार को चुनाव मैदान में उतारा है। नंदीग्राम से हसीरानी रथ को टिकट देकर भाजपा ने इस सीट पर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
शुभेंदु अधिकारी के PA की मां हैं हसीरानी रथ
हसीरानी रथ, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ पर 6 मई की देर रात मध्यमग्राम के पास गोलीबारी हुई थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। अब उनकी मां को नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नंदीग्राम में TMC के दोनों गुट आमने-सामने
उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े दो गुटों के बीच भी मुकाबला देखने को मिल रहा है। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और रेजीनगर से सफीउज्जमान शेख को उम्मीदवार बनाया है। वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे और रेजीनगर से रबीउल आलम चौधरी को टिकट दिया है।

दोनों गुट खुद को असली TMC बताते हुए ‘जोड़ा घास फूल’ चुनाव चिह्न पर दावा कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों से अतिरिक्त दस्तावेज मांगे हैं और 16 सितंबर तक जवाब देने को कहा है। विवाद का समाधान नहीं होने पर चुनाव चिह्न फ्रीज किए जाने की स्थिति बन सकती है।
कांग्रेस और वाम दलों ने भी उतारे प्रत्याशी
कांग्रेस ने नंदीग्राम से मिलन प्रधान और रेजीनगर से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी को मैदान में उतारा है। वहीं CPI(M) ने रेजीनगर से अधिवक्ता सैयद असद अली और CPI ने नंदीग्राम से शांति गोपाल गिरी को उम्मीदवार बनाया है।

शुभेंदु के इस्तीफे से खाली हुई नंदीग्राम सीट
नंदीग्राम बंगाल की राजनीति का अहम केंद्र रहा है। 2021 में ममता बनर्जी ने यहां से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखते हुए नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद यह सीट खाली हुई।
चार राज्यों की छह सीटों पर उपचुनाव
पश्चिम बंगाल के अलावा तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी और असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है। इन सभी सीटों पर अलग-अलग कारणों से पद रिक्त हुए हैं।
