CG Prime News@दुर्ग/भिलाई. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शादी कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक फर्जी मैरिज ब्यूरो का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए विवाह के इच्छुक लोगों को आकर्षित करता था और AI से तैयार की गई काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर उनसे पैसे वसूलता था। इस मामले में सुपेला पुलिस ने मैरिज ब्यूरो संचालित करने वाले 24 वर्षीय परमानंद यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 26 मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और 1.64 लाख रुपए नकद समेत कुल 2,83,600 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
सोशल मीडिया पर तीन नामों से बनाया था ठगी का नेटवर्क
सुपेला पुलिस के मुताबिक, आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कल्याण मैट्रिमोनी, एलिट मैच मैट्रिमोनी और फ्यूचर पार्टनर के नाम से प्रचार करता था। इन प्लेटफॉर्म पर AI की मदद से बनाई गई युवतियों की तस्वीरें और फर्जी मोबाइल नंबर इस्तेमाल किए जाते थे। दूसरे राज्यों के शादी के इच्छुक लोग इन विज्ञापनों को देखकर संपर्क करते थे और अपना बायोडाटा भेजते थे।
इसके बाद उन्हें पसंद की लड़की से शादी कराने का भरोसा दिलाकर मैरिज काउंसलर के नाम पर इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों के QR कोड के जरिए शुरुआती 2,000 रुपए जमा करने को कहा जाता था। रकम मिलने के बाद आरोपी संबंधित व्यक्ति का नंबर ब्लैकलिस्ट कर संपर्क बंद कर देता था।

नौकरी का झांसा देकर युवतियों से कराया जा रहा था काम
29 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुपेला पुलिस ने उत्तर गंगोत्री भवन में यूनियन बैंक के पास स्थित एक परिसर में दबिश दी। वहां आरोपी परमानंद यादव के साथ चार युवतियां काम करती मिलीं।
पुलिस के अनुसार, युवतियों को अच्छी कंपनी में नौकरी देने का झांसा देकर बुलाया गया था। उन्हें 7,000 रुपए मासिक वेतन का आश्वासन दिया गया और दो दिन का प्रशिक्षण दिया गया था। इसके बाद उन्हें मैरिज काउंसलर बनाकर ग्राहकों से बातचीत और QR कोड के माध्यम से भुगतान लेने का काम सौंपा गया था।

तीन महीने से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब तीन महीने से यह गतिविधि संचालित कर रहा था। यहां रोजाना 20 से 50 कॉल किए और प्राप्त किए जाते थे। पुलिस को विभिन्न बैंक खातों से संबंधित शिकायतें भारत सरकार के समन्वय पोर्टल पर भी मिली हैं।
2.83 लाख रुपए से अधिक की सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 22 कीपैड मोबाइल, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, वाई-फाई उपकरण, विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक, QR कोड, ग्राहकों की जानकारी वाले रजिस्टर और 1,64,000 रुपए नकद जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2,83,600 रुपए बताई गई है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी परमानंद यादव निवासी ग्राम ओटेबंद, थाना नंदनी, जिला दुर्ग, वर्तमान निवासी नेहरू नगर ईस्ट के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1630/2026 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 319(2) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचने की दी सलाह
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले मैरिज ब्यूरो और विवाह संबंधी विज्ञापनों की विश्वसनीयता जांचे बिना पैसे न भेजें। AI से बनाई गई तस्वीरों और फर्जी प्रोफाइल से सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति को बैंक विवरण, OTP, आधार कार्ड या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें।
