Tuesday, September 15, 2026
Home » Blog » शादीशुदा प्रेमिका को मिलने बुलाकर प्रेमी ने जिंदा जलाया, पेट्रोल छिड़कर कर दिया मौत के हवाले

शादीशुदा प्रेमिका को मिलने बुलाकर प्रेमी ने जिंदा जलाया, पेट्रोल छिड़कर कर दिया मौत के हवाले

माना थाना क्षेत्र में सड़क पर महिला पर पेट्रोल उड़ेलकर लगाई आग, करीब 60% झुलसी थी महिला, वारदात के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
शादीशुदा प्रेमिका को मिलने बुलाकर प्रेमी ने जिंदा जलाया, पेट्रोल छिड़कर कर दिया मौत के हवाले

CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रेम संबंध से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। माना थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका पर पेट्रोल उड़ेलकर उसे आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सड़क पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

पुलिस के मुताबिक, रविवार रात आरंग निवासी महिला और वीरू धीवर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान वीरू ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद गंभीर हालत में राजकुमारी को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया।

करीब 60 प्रतिशत झुलसी थी महिला

महिला आग से करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई थी। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन सोमवार को उसने दम तोड़ दिया। रायपुर ग्रामीण SP श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है। शुरुआत में पुलिस ने पीड़िता के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया था। महिला की मौत के बाद मामले में धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।


2021 से पहले से था दोनों का संबंध

ASP अभिषेक झा के अनुसार, वीरू धीवर और महिला के बीच 2021 से पहले से प्रेम संबंध था। इसी साल आरंग थाने में एक अन्य मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वीरू पर महिला की सास पर फावड़े से हमला करने का आरोप लगा था। इस मामले में धारा 307 के तहत कार्रवाई की गई थी। इसके बाद पति-पत्नी अलग-अलग रहने लगे थे। पुलिस के मुताबिक, इसके बावजूद वीरू और महिला के बीच संपर्क बना हुआ था।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था । फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आग लगाने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।

You may also like