Home » Blog » बलौदाबाजार-भाटापारा में सड़क सुरक्षा माह-2026 का समापन

बलौदाबाजार-भाटापारा में सड़क सुरक्षा माह-2026 का समापन

एक माह चले अभियान में प्रतियोगिता, शिविर, रैली और नुक्कड़ नाटकों से लोगों को किया गया यातायात नियमों के प्रति जागरूक

by cgprimenews.com
0 comments
सड़क सुरक्षा माह-2026 के समापन कार्यक्रम में पुरस्कार वितरण करते पुलिस अधिकारी

बलौदाबाजार। पुलिस द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा माह-2026 कार्यक्रम का समापन बुधवार को गरिमामय वातावरण में किया गया। यह अभियान 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिलेभर में चलाया गया, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ समापन

समापन कार्यक्रम दिनांक 04 फरवरी 2026 को दोपहर 01 बजे आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता एवं वन मंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाटापारा हेमसागर सिदार सहित यातायात एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एक माह तक चला व्यापक जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले के भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पाम्पलेट वितरण, लाउडस्पीकर प्रचार एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बलौदाबाजार, भाटापारा, सिमगा एवं कसडोल क्षेत्र में हेलमेट रैली का आयोजन भी किया गया।

बच्चों और युवाओं को जोड़ा गया अभियान से

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों में यातायात जागरूकता बढ़ाने के लिए पेंटिंग, वॉल आर्ट एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं ग्राम खपराडीह, भाटापारा में 25-26 जनवरी 2026 को दो-दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर युवाओं को भी अभियान से जोड़ा गया।

स्वास्थ्य शिविर और लाइसेंस शिविर का आयोजन

सड़क सुरक्षा माह के दौरान भारी वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर लगाए गए। इसके अलावा बलौदाबाजार, भाटापारा और कसडोल में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित कर कुल 1173 नागरिकों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए।

सोशल मीडिया से भी फैलाई जागरूकता

सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” विषय पर बलौदाबाजार पुलिस के फेसबुक पेज के माध्यम से रील/वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विजेताओं और गुड सेमेरिटन का सम्मान

समापन कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन ऑटो चालक अमित गर्ग एवं नीरज बंजारे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक का संदेश

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुरक्षित और सुगम परिवहन के लिए अत्यंत आवश्यक है। नियमों के प्रति जागरूकता से दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।

You may also like