CG Prime News@प्रयागराज. माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान (21) की गुरुवार सुबह झांसी जाते समय एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था। हादसा झांसी से करीब 70 किलोमीटर पहले पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में अबान और उसके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
डिवाइडर से टकराकर हवा में उछली कार
जानकारी के अनुसार, अबान अपने चार दोस्तों के साथ गुरुवार सुबह लगभग 5 बजे प्रयागराज से झांसी के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 10:30 बजे पूंछ थाना क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई फीट हवा में उछल गई और उसके पुर्जे हाईवे पर दूर-दूर तक बिखर गए। दुर्घटना के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी पांच लोग वाहन के अंदर फंस गए।
दो की मौत, तीन घायल
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार का दरवाजा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया। आगे की सीट पर बैठे अबान और उसके साथी सोनू को गंभीर चोटें आई थीं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उमर अहमद, मोहम्मद जैद और एहजाम घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हादसे की वजह को लेकर अलग-अलग दावे
दुर्घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हाईवे पर अचानक एक बछड़ा आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी और वाहन डिवाइडर से टकरा गया। वहीं, घायल उमर अहमद ने पुलिस को बताया कि सड़क पर पड़ी ईंट की वजह से कार का संतुलन बिगड़ गया। पुलिस दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हल्की बारिश के कारण सड़क भी गीली थी, जिससे वाहन पर नियंत्रण रखना मुश्किल हो सकता है।
सिर में गंभीर चोटें, पोस्टमॉर्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार
पुलिस के मुताबिक हादसे में अबान के सिर पर गंभीर चोटें आईं और शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर हुआ। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। परिवार के अनुसार शुक्रवार को प्रयागराज में अतीक अहमद की कब्र के पास ही अबान को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

भाई असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।
अबान, अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा था। वर्ष 2023 में उसका भाई असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। वहीं अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की अप्रैल 2023 में प्रयागराज में पुलिस अभिरक्षा के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिवार के अन्य सदस्यों से जुड़े कई मामले अभी भी विभिन्न अदालतों में लंबित हैं।
