Friday, November 6, 2026
Home » Blog » अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी

अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी

इससे पहले अक्टूबर में मेयर को भेजे मेल में भी अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी के बाद मुंबई में सुरक्षा अलर्ट।

CG Prime News@मुंबई. मुंबई में बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। धमकी ईमेल के जरिए दी गई है, जिसमें केवल जलसा ही नहीं, बल्कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), वर्ली रेसकोर्स और बॉम्बे हाईकोर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धमकी देने वाले की पहचान और ईमेल के स्रोत की जांच की जा रही है।

कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाने की धमकी

धमकी भरे संदेश में मुंबई के कई महत्वपूर्ण और चर्चित स्थानों का नाम शामिल होने से सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और संबंधित स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।

अक्टूबर में भी आया था धमकी भरा ईमेल

यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ बच्चन के बंगले को लेकर धमकी की बात सामने आई हो। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजे गए एक ईमेल में भी जलसा को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। उस ईमेल में अमिताभ बच्चन के साथ गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ को भी जान से मारने की धमकी का उल्लेख किया गया था। संदेश में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच किसी समय हमले की बात कही गई थी।


पुराने घटनाक्रमों का किया गया था जिक्र

पूर्व में भेजे गए धमकी भरे मेल में वर्ष 1984 से जुड़े घटनाक्रमों का उल्लेख किया गया था। इसमें दिलजीत दोसांझ को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। उस समय ईमेल मिलने के बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने एहतियात के तौर पर बीएमसी मुख्यालय समेत संबंधित स्थानों की जांच की थी।

सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं जांच

ताजा धमकी के बाद मुंबई पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल की तकनीकी जांच में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि धमकी वास्तविक है या किसी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से संदेश भेजा है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

You may also like