CG Prime News@बिलासपुर. Five-year-old girl raped in Bilaspur छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना सीपत थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक युवक बच्ची को साइकिल सिखाने का झांसा देकर जंगल ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश है। आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
दोपहर तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजन हुए परेशान
बुधवार सुबह घर से निकली बच्ची जब दोपहर तक अपने घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि बच्ची को युवक दीपक पटेल के साथ जाते हुए देखा गया था। इसके बाद परिजन उसकी तलाश करते हुए जंगल की ओर पहुंचे और रास्ते में आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, सीपत थाना क्षेत्र की रहने वाली 5 साल की बच्ची बुधवार सुबह अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान ग्राम नीरतू निवासी दीपक पटेल (30) वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने बच्ची को साइकिल सिखाने का लालच दिया और उसे अपने साथ रेलहा जंगल की ओर ले गया।

मां को बताया गलत हरकत किया
परिजनों के घर पहुंचने के बाद बच्ची ने अपनी मां को बताया कि आरोपी उसे साइकिल सिखाने के बहाने जंगल ले गया था। जहां उसने उसके साथ गलत हरकत की। इसके बाद परिजनों ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बच्ची की मां की शिकायत पर सीपत थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

