CG Prime News@सरगुजा. Trainee IPS officer in Chhattisgarh accused of accepting 1 crore bribe. छत्तीसगढ़ में एक ट्रेनी आईपीएस (IPS) ऑफिसर पर एक करोड़ रुपए रिश्वत लेने का बड़ा आरोप लगा है। मिली जानकारी के अनुसार ट्रेनी IPS और अंबिकापुर CSP राहुल बंसल पर ठगी के एक मामले में हवाला के जरिए 1 करोड़ रिश्वत लेने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता ने सीधे कोर्ट में परिवार दायर किया है।
DGP को जारी किया नोटिस
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंबिकापुर साइबर सेल में पदस्थ एएसआई (ASI) प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा के जरिए रिश्वत का सौदा किया गया। आरोप है कि 1 करोड़ की रकम हवाला ऑपरेटरों के जरिए पहुंचाई गई। इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ डीजीपी को नोटिस जारी किया गया है। हरियाणा के रहने वाले शिकायतकर्ता ने सीबीआई (CBI) कोर्ट दिल्ली में परिवाद दायर किया है। इसके अलावा कोर्ट को व्हाट्सऐप चैट और ऑडियो क्लीप भी सौंपा गया है।
साइबर सेल के एएसआई और कांस्टेबल बने बिचौलिया
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के रहने वाले आकाश कुमार पर ठगी का केस दर्ज है। आकाश कुमार का आरोप है कि इस केस की जांच के दौरान अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल ने दबाव बनाकर एक करोड़ रुपए की रिश्वत ली। शिकायतकर्ता का कहना है कि रिश्वत की रकम हवाला के माध्यम से ली गई। साइबर सेल के एएसआई प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा ने बिचौलियों की भूमिका निभाई।

कोर्ट पहुंचे शिकायतकर्ता
शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 जून 2026 को CBI निदेशक को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और FIR दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने CBI की स्पेशल कोर्ट में धारा 175(3) के तहत परिवाद दायर किया। परिवाद में ट्रेनी IPS राहुल बंसल, ASI प्रवीण कुमार राठौर, आरक्षक अंशुल शर्मा और CBI को पक्षकार बनाया गया है। शिकायत में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7A, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 308 और 351 के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत के साथ शपथ-पत्र, व्हाट्सऐप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग भी कोर्ट में पेश की गई हैं।
