Wednesday, September 23, 2026
Home » Blog » सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, BJYM जिलाध्यक्ष समेत 3 पर FIR

सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, BJYM जिलाध्यक्ष समेत 3 पर FIR

गौरेला में बीच सड़क मंच बनाकर मनाया गया जन्मदिन, ढोल-नगाड़ों के साथ जुटी थी भीड़, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, BJYM जिलाध्यक्ष समेत 3 पर FIR

CG Prime News@गौरेला-पेंड्रा-मरवाही. छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सड़क पर जन्मदिन का जश्न मनाना भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू और उनके साथियों को भारी पड़ गया। गौरेला के अमरकंटक चौक पर देर रात बीच सड़क जन्मदिन मनाने और यातायात प्रभावित होने के मामले में पुलिस ने सिद्धार्थ दुबे समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक मामले में अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना 18 सितंबर की देर रात की बताई जा रही है। सामने आए वीडियो में अमरकंटक चौक पर जन्मदिन मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे दिखाई दे रहे हैं। केक काटने के लिए बाकायदा मंच तैयार किया गया था। ढोल-नगाड़ों के बीच जन्मदिन का जश्न मनाया गया और इस दौरान सड़क पर भीड़ जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ।

सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, BJYM जिलाध्यक्ष समेत 3 पर FIR

सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, BJYM जिलाध्यक्ष समेत 3 पर FIR


फेसबुक लाइव के बाद सामने आया मामला

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर की रात करीब 11:42 बजे सोशल मीडिया पर जन्मदिन समारोह का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू फेसबुक लाइव करते नजर आ रहे थे। वीडियो की जांच के दौरान पुलिस को अमरकंटक चौक पर जन्मदिन समारोह आयोजित किए जाने की जानकारी मिली। बताया गया कि मौके पर मौजूद लोग केक काटकर सिद्धार्थ को खिला रहे थे। आयोजन के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा होने से आम लोगों के आवागमन में परेशानी होने की बात भी सामने आई।

BJYM जिलाध्यक्ष समेत तीन नामजद

वीडियो सामने आने के बाद गौरेला पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू के अलावा मौसम ताम्रकार और रितुराज अग्रवाल को भी आरोपी बनाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आयोजन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष के भतीजे हैं सिद्धार्थ

सिद्धार्थ दुबे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष हैं। वह गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे के भतीजे भी बताए जा रहे हैं। जिले में युवा संगठन की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। सड़क पर जन्मदिन समारोह का वीडियो सामने आने के बाद अब यह मामला पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है।

You may also like