CG Prime News@दुर्ग. Durg: Two Youths Arrested for Facilitating Online Betting on IPL Matches दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में आईपीएल क्रिकेट मैच (IPL Cricket match 2026) पर ऑनलाइन जुआ, सट्टा खिलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल और 36 हजार 100 रुपए कैश जब्त किया गया है। मोहन नगर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों को स्टेशन रोड के सामने होटल ऋषि के पास से पकड़ा गया है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
आईपीएल क्रिकेट मैच पर लगा रहे थे दाव
थाना मोहन नगर पुलिस ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि होटल ऋषि के पास रेलवे स्टेशन के सामने कुछ व्यक्ति अवैध रूप से आई IPL क्रिकेट मैच पर रुपए पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना मोहन नगर पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।
आरोपियों को कोर्ट में पेश किया
पुलिस टीम द्वारा संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 305/2026 धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को कोर्ट में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मोहन नगर पुलिस ने कहा कि जुआ सट्टा के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. मोहसिन खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी रिसाई पारा, धमतरी।
2. राहिल खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी रिसाई पारा, धमतरी।
जब्त सामग्री
1. 3 मोबाइल फोन
2. नगदी रकम 36,100 रुपए
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के अवैध जुआ, सट्टा अथवा आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
