CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के ग्राम समोदा-झेनझरी में अफीम की खेती मामले में पुलगांव थाना पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब इस मामले में यह सातवीं गिरफ्तारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को चिल्फी रोड कबीरधाम से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से अफीम डोडा चूरी बिक्री से प्राप्त 42,000 रुपए कैश जब्त किया गया है।
पुलिस कर रही ताबड़तोड़ गिरफ्तारी
पुलगांव थाना अंतर्गत चौकी जेवरा-सिरसा में दर्ज अपराध क्रमांक 247/2026 धारा 8, 18, 29 बीएनएस एक्ट के अंतर्गत ग्राम समोदा-झेनझरी में अवैध अफीम की खेती के मामले में दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। पुलगांव थाना पुलिस ने बताया कि प्रकरण में पूर्व में विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर एवं छोटू राम को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अफीम डोडा जब्त
इसके पश्चात 15 मार्च को पुलिस ने रेड कार्यवाही में रणछोड़ राम उर्फ रणजीत एवं सुनील देवासी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अफीम डोडा एवं नगदी राशि बरामद की थी। विवेचना के दौरान पुलिस रिमांड में लिए गए आरोपी विकास बिश्नोई ने बताया कि राजस्थानी भोजनालय ढाबा, बंजारी माता मंदिर के पास, चिल्फी रोड ग्राम पालक, जिला कबीरधाम में संचालित ढाबा में आरोपी मदरूपा राम विश्नोई द्वारा अवैध रूप से अफीम डोडा चूरी की बिक्री की जाती है।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों ने दिया क्लू
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से प्राप्त सूचना के आधार पर 16 मार्च को पुलिस टीम ढाबे पर रेड मार दिया। इस कार्यवाही के दौरान आरोपी के ढाबा के काउंटर से अफीम डोडा चूरी की बिक्री से प्राप्त कैश 42,000, एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
जांच के दौरान आरोपी मदरूपा राम विश्नोई के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया। निकटतम थाना बोड़ला जिला कबीरधाम को भी सूचित किया गया। प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों और मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।
इस आरोपी को किया गिरफ्तार
1. मदरूपा राम विश्नोई, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, गोदारो की ताणी, खायड़ा खुर्द, थाना ओसियां, जिला जोधपुर (राजस्थान)
