Home » Blog » रायपुर में लिव-इन पार्टनर ने बीएड छात्रा की हत्या, चरित्र शंका बनी जानलेवा

रायपुर में लिव-इन पार्टनर ने बीएड छात्रा की हत्या, चरित्र शंका बनी जानलेवा

बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की घटना, मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या का आरोप; गांव लौटने से पहले ही चली गई छात्रा की जान

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर के बोरियाकला में बीएड छात्रा भारती नेताम की कथित हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई करते हुए आरोपी सावंत बघेल को गिरफ्तार करती हुई।

रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगह रिलेशनशिप में रह रही एक बीएड छात्रा की कथित तौर पर उसके साथी ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती को गंभीर हालत में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छह महीने से लिव-इन में रह रहे थे दोनों
पुलिस के अनुसार मृतका भारती नेताम कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली थी और रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। आरोपी सावंत बघेल कोंडागांव निवासी है और डीएलएड का छात्र बताया गया है। दोनों पिछले छह से सात महीनों से बोरियाकला स्थित किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद
मृतका की शिक्षिका बहन ने पुलिस को बताया कि सावंत बघेल अक्सर भारती के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और मारपीट होती रहती थी। 4 अगस्त की रात भारती ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हुई है और वह वापस अपने गांव कोकपुर लौटना चाहती है। बहन ने तत्काल उसके खाते में 3,000 रुपये ऑनलाइन भेज दिए ताकि वह घर लौट सके, लेकिन इससे पहले ही यह वारदात हो गई।
शव पर मिले गंभीर चोट के निशान
5 अगस्त को परिजन मेकाहारा पहुंचे तो भारती का शव स्ट्रेचर पर मिला। परिजनों के अनुसार उसकी बाईं आंख के पास, कनपटी और चेहरे पर चोट व खरोंच के निशान थे। गर्दन के पीछे और ठोड़ी के पास खून जमने के काले निशान भी दिखाई दिए, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका और मजबूत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत के आधार पर मुजगहन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। अस्पताल से फरार हुए आरोपी सावंत बघेल को पुलिस ने कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

You may also like