Tuesday, August 18, 2026
Home » Blog » धमधा पुल से शिवनाथ नदी में बहे युवक का शव बरामद, SDRF ने किया रेस्क्यू

धमधा पुल से शिवनाथ नदी में बहे युवक का शव बरामद, SDRF ने किया रेस्क्यू

नंदिनी थाना क्षेत्र के धमधा पुल पर हुई घटना, तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने चलाया विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन, शव पुलिस को सौंपा गया।

by cgprimenews.com
0 comments
धमधा पुल स्थित शिवनाथ नदी में एसडीआरएफ दुर्ग की टीम द्वारा डीप डाइविंग कर युवक के शव का रेस्क्यू ऑपरेशन।

दुर्ग। Body of youth swept into Shivnath River from Dhamdha Bridge recovered; SDRF conducted the rescue. नंदिनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवनाथ नदी स्थित धमधा पुल पर नदी में बह गए एक युवक का शव एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच चले इस अभियान में डीप डाइविंग विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शव मिलने के बाद उसे आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ेः रायपुर में प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत, चरित्र पर शक में प्रेमी ने युवती की हत्या

4 अगस्त की शाम नदी में बहा था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे कंट्रोल रूम दुर्ग को सूचना मिली कि नंदिनी थाना क्षेत्र के धमधा पुल स्थित शिवनाथ नदी में एक युवक कूदने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव की तैयारी शुरू कर दी।


सुबह 5 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर 5 अगस्त की सुबह लगभग 5 बजे एसडीआरएफ दुर्ग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी का तेज बहाव और गहराई रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बने रहे।

लगातार खोजबीन के बाद सुबह लगभग 11:20 बजे टीम को सफलता मिली। एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने गहरे पानी में उतरकर युवक के शव को खोज निकाला। इसके बाद शव को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया।

भिलाई निवासी था मृतक

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान संजय ओझा (46 वर्ष), पिता राजेंद्र प्रसाद ओझा, निवासी बैकुंठ धाम, वार्ड क्रमांक 32, छावनी, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच और आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

रेस्क्यू टीम में शामिल रहे ये सदस्य

रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व प्रभारी ईश्वर खरे ने किया। टीम में चंद्रप्रताप जंघेल, राजकुमार यादव, भूपेंद्र सिंह, रमेश रात्रे, महेश गंधर्व, ओंकार, शारदा प्रसाद, राजेश यादव और दिलीप कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे। टीम ने कठिन परिस्थितियों में समन्वित प्रयास करते हुए अभियान को सफल बनाया।

You may also like