CG Prime News@दुर्ग. Opium cultivation in Durg district दुर्ग जिले के समोदा-झेनझरी गांव में अफीम की खेती मामले में फरार चौथे आरोपी को पुलगांव थाना पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छोटू राम द्वारा अफीम की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस की दबिश के बाद से वह फार्म हाउस से फरार हो गया था। जिसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलगांव थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व भाजपा नेता सहित अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
शून्य मे अपराध दर्ज किया था पुलिस ने
थाना पुलगांव क्षेत्रांतर्गत चौकी जेवरा-सिरसा के अंतर्गत ग्राम समोदा, झेनझरी एवं सिरसा के मध्य स्थित भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शून्य में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। निरीक्षण के दौरान खेत में मक्का/भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे।
5 एकड़ 62 डिसमिल में अफीम की खेती
संयुक्त टीम द्वारा खेत का निरीक्षण कर लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधों को जब्त किया गया। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 8 करोड़ आंकी गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई।
तीन आरोपियों को किया था पहले ही गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पूर्व में विकास बिश्नोई निवासी मतोड़ा जिला जोधपुर (राजस्थान), विनायक ताम्रकार निवासी तेमरापारा दुर्ग, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर निवासी समोदा को गिरफ्तार किया गया था। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी छोटू राम द्वारा अवैध अफीम की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराए गए थे। फरार आरोपी की पतासाजी के दौरान एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव, चौकी जेवरा-सिरसा की संयुक्त टीम द्वारा आरोपी छोटू राम को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. छोटू राम, उम्र 62 वर्ष, निवासी ग्राम सांगसी नगर धडिय़ा, थाना चामू, जिला जोधपुर (राजस्थान)
