Thursday, April 16, 2026
Home » Blog » कुर्की से निगम ने वसूले 1.28 करोड़ रुपए

कुर्की से निगम ने वसूले 1.28 करोड़ रुपए

भिलाई निगम की सख्त कार्रवाई, 287 बकायादारों पर कुर्की; 31 मार्च से पहले कर जमा करने की अपील

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई नगर निगम द्वारा बकायादारों पर कुर्की कार्रवाई

भिलाई. नगर पालिका निगम द्वारा राजस्व करों की वसूली को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन ने कुर्की की कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 1 करोड़ 28 लाख 27 हजार 234 रुपए की वसूली कर ली है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा तथा कर नहीं चुकाने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने वालों पर कार्रवाई

निगम प्रशासन ने बताया कि बकायादारों को पहले ही नोटिस जारी कर बकाया कर जमा करने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद भुगतान नहीं करने वाले भवन मालिकों और संस्थानों के खिलाफ कुर्की वारंट जारी कर कार्रवाई की गई। कई मामलों में संपत्तियों की सीलिंग, जब्ती और कुर्की जैसी सख्त कार्यवाही भी की जा रही है। निगम द्वारा सभी जोन क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को कर भुगतान के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही विशेष शिविर लगाकर नागरिकों को बकाया कर जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

8430 लाख से अधिक राजस्व की प्राप्ति

नगर निगम के अनुसार संपत्ति कर, समेकित कर, जलकर एवं अन्य स्रोतों से अब तक 8430.20 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हो चुका है। कुर्की अभियान के तहत कुल 287 बकायादारों से यह वसूली की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 31 मार्च 2026 की निर्धारित समय-सीमा से पहले कर जमा कर दें, ताकि 18 प्रतिशत अधिभार और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

जोनवार वसूली का विवरण

  • जोन-1: 131 बकायादारों से ₹52,53,148

  • जोन-2: 43 बकायादारों से ₹21,24,451

  • जोन-3: 36 बकायादारों से ₹21,96,341

  • जोन-4: 58 बकायादारों से ₹26,35,299

  • जोन-5: 19 बकायादारों से ₹6,17,995

You may also like