Friday, October 16, 2026
Home » Blog » PTM से लौट रही छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला, बेटी की लाश देख बदहवास हुआ पिता

PTM से लौट रही छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला, बेटी की लाश देख बदहवास हुआ पिता

हादसे में उसके पिता को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
PTM से लौट रही छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला, बेटी की लाश देख बदहवास हुआ पिता

CG Prime News@अंबिकापुर/सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केशवनगर में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार छात्रा रिद्धिमा जैन की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ स्कूल में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होकर घर लौट रही थी। हादसे में उसके पिता को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पैरेंट्स मीटिंग से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सूरजपुर के नवापारा निवासी रिद्धिमा जैन, पिता पंकज जैन, बिश्रामपुर स्थित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ती थी। शुक्रवार सुबह वह अपने पिता के साथ बाइक से स्कूल गई थी। दोपहर करीब 12 बजे दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम केशवनगर के पास नेशनल हाईवे पर गिट्टी लोड ट्रैक्टर को पार करते समय उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आया छात्रा का सिर

बताया गया कि बाइक सवार पिता-पुत्री आगे चल रहे ट्रैक्टर को क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर के मुड़ने से बाइक उससे टकरा गई। टक्कर के बाद रिद्धिमा सड़क पर गिर गई और उसका सिर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। अपनी बेटी को इस हालत में देखकर पिता बदहवास हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से छात्रा को तत्काल ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान में घुसे ट्रैक्टर को क्रेन की सहायता से बाहर निकलवाकर जब्त कर लिया। मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इधर, रिद्धिमा की मौत की खबर सूरजपुर स्थित उसके गृहक्षेत्र पहुंचते ही परिजनों में शोक छा गया। मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्कूल की पैरेंट्स मीटिंग से लौटते समय हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

You may also like