CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महमरा एनीकट के पास मछुआरों से विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला कर लूटपाट करने के मामले में पुलगांव पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 की रात गांजा मांगने की बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने एक मछुआरे पर धारदार हथियार से हमला कर उसका मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।
पुलिस ने 16 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए सुपेला निवासी सोहेल निषाद (19) और साहिल खान (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार, मोटरसाइकिल और प्लास्टिक का पिस्टलनुमा खिलौना बरामद किया गया है।
गांजा मांगने की बात पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की रात प्रार्थी और अन्य मछुआरे महमरा एनीकट के पास मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान वे वहां सो रहे थे, तभी आरोपी पहुंचे। गांजा मांगने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने प्रार्थी पर धारदार हथियार से हमला किया और उसका मोबाइल फोन व नकदी लेकर भाग निकले।

पुलगांव थाने में दर्ज हुआ था मामला
घटना की शिकायत के आधार पर पुलगांव थाने में अपराध क्रमांक 824/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए कार्रवाई की। विवेचना के दौरान दोनों संदिग्धों तक पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल, हथियार और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार, CG 07 0527 नंबर की मोटरसाइकिल और प्लास्टिक का पटाखा फोड़ने वाला पिस्टलनुमा खिलौना जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

