Thursday, April 16, 2026
Home » Blog » ऑनलाइन मंगाए 54 चाकू जब्त, कांकेर पुलिस की कार्रवाई

ऑनलाइन मंगाए 54 चाकू जब्त, कांकेर पुलिस की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन करने वाले युवाओं पर विशेष अभियान, सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम

by cgprimenews.com
0 comments
कांकेर पुलिस द्वारा ऑनलाइन मंगाए गए धारदार चाकुओं की बरामदगी

कांकेर. जिले में चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कांकेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से पिछले तीन महीनों में ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स के माध्यम से मंगवाए गए कुल 54 धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इन चाकुओं में पेन चाकू, बटन चाकू, पॉकेट चाकू सहित अन्य धारदार हथियार शामिल हैं।

एसपी के निर्देशन में चला विशेष अभियान

यह अभियान पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल एवं योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक गिरिजा शंकर साव के पर्यवेक्षण में साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हथियार खरीदने वाले युवाओं की पहचान कर कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि आकर्षक डिजाइन और कम कीमत के कारण कई युवक शौक, दिखावे या सोशल मीडिया पर प्रभाव जमाने के लिए इन हथियारों को ऑनलाइन मंगवा रहे थे।

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ रही थी चिंता

पुलिस के अनुसार कुछ युवक फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धारदार हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर रहे थे, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ रही थी। अभियान के दौरान ऐसे युवाओं को चिन्हित कर समझाइश दी गई। इसी क्रम में थाना चारामा क्षेत्र के निवासी सागर उसेण्डी के खिलाफ अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से चाकू या अन्य धारदार हथियार मंगवाकर डराने-धमकाने या आपराधिक गतिविधियों में उपयोग करने की मंशा रखता है, तो इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचनाकर्ता को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

You may also like