Thursday, April 16, 2026
Home » Blog » भिलाई में 13 से 19 मार्च तक स्वदेशी मेला

भिलाई में 13 से 19 मार्च तक स्वदेशी मेला

जयंती स्टेडियम मैदान में पहली बार आयोजन, स्थानीय उत्पादों और कुटीर उद्योगों को मिलेगा बड़ा मंच

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई में आयोजित होने वाले स्वदेशी मेले की तैयारी बैठक

भिलाई. शहर में पहली बार स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की इकाई भारतीय विपणन विकास केंद्र द्वारा स्वदेशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 13 से 19 मार्च 2026 तक जयंती स्टेडियम के सामने स्थित मैदान, सिविक सेंटर में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, कुटीर उद्योगों और स्वदेशी उद्यमों को प्रोत्साहित करते हुए आमजन को आत्मनिर्भर भारत की भावना से जोड़ना है।

22 राज्यों के उत्पाद होंगे आकर्षण का केंद्र

आयोजकों के अनुसार मेले में देश के 22 राज्यों से आए स्वदेशी उत्पाद, हस्तशिल्प सामग्री, जैविक वस्तुएँ, घरेलू उपयोग की सामग्री, पारंपरिक खान-पान और स्थानीय उद्यमियों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यह आयोजन व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों और लघु उद्योगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करेगा।

बैठक में पदाधिकारियों की घोषणा

स्वदेशी मेले की तैयारियों को लेकर सेक्टर-5 स्थित पंजाबी पैलेस में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वदेशी मेला प्रांत प्रमुख अमर बंसल, भारतीय विपणन विकास केंद्र के प्रबंधक एवं प्रांत संपर्क प्रमुख सुब्रत चाकी, संघर्ष वाहिनी प्रांत प्रमुख दिनेश पाटिल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अजय भसीन को स्वदेशी मेला संयोजक नियुक्त किया गया, जबकि भोजराज सिन्हा और सरोजिनी पाणिग्रही को सह-संयोजक बनाया गया। स्वागत समिति के अध्यक्ष के रूप में दिनकर बसौटिया और सचिव के रूप में दिव्या भसीन मक्कड़ की घोषणा की गई।

वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगा बढ़ावा

संयोजक अजय भसीन ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” की अवधारणा को मजबूत करना है। इससे स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं से मेले में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की।

You may also like