CG Prime News@दिल्ली. अग्निपथ योजना के तहत भर्ती अग्निवीरों के लिए सेवा अवधि को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को घोषणा की कि अब पात्र अग्निवीरों को चार साल की बजाय कुल छह साल तक सेना में सेवा देने का अवसर मिलेगा। हालांकि, इसके लिए संबंधित अग्निवीरों की सहमति और निर्धारित प्रक्रिया का पालन जरूरी होगा।
Read more:होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत, 13 भारतीयों को बचाया
नई व्यवस्था में चार साल की सेवा पूरी करने के बाद भी पहले की तरह बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सैन्य सेवा में शामिल करने का प्रावधान जारी रहेगा। शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल अतिरिक्त सेवा करने का अवसर दिया जाएगा।

75 प्रतिशत अग्निवीरों को मिलेगा दो साल का अतिरिक्त अवसर
मौजूदा अग्निपथ योजना के तहत युवाओं को थलसेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के लिए भर्ती किया जाता है। चार साल की अवधि पूरी होने पर एक बैच के अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को उनके प्रदर्शन और सेना की जरूरतों के आधार पर नियमित सेवा के लिए चुना जाता है। नई घोषणा के अनुसार, नियमित सेवा में नहीं चुने जाने वाले शेष 75 प्रतिशत अग्निवीर भी दो साल तक अपनी सेवा जारी रख सकेंगे। इस तरह उनकी कुल सेवा अवधि छह साल तक हो सकती है। अतिरिक्त अवधि के दौरान उन्हें पहले की तुलना में बेहतर वेतन और भत्ते दिए जाने की बात भी सामने आई है।
दिसंबर तक पहले बैच के हजारों अग्निवीरों का कार्यकाल होना था पूरा
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 31 दिसंबर तक पहले बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होना था। यह संख्या पहले बैच में भर्ती लगभग 24,400 अग्निवीरों के करीब 75 प्रतिशत के बराबर है। पहले की व्यवस्था में इन अग्निवीरों को चरणबद्ध तरीके से सेवा से बाहर किया जाना था। अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को दो साल तक अतिरिक्त सेवा का विकल्प मिल सकता है।

छह साल बाद भी नियमित सेवा के लिए मौका
छह साल की सेवा पूरी करने के बाद जो अग्निवीर सेना में आगे भी करियर जारी रखना चाहेंगे, उन्हें नियमित भर्ती की तय चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसमें सेना की आवश्यकताओं और निर्धारित मानकों के अनुसार उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। वर्तमान में भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना में करीब 3.18 लाख अग्निवीर विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। हाल ही में भारतीय वायुसेना ने भी अपने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 रिक्रूट्स में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला किया था।
अग्निपथ योजना की शुरुआत 2022 में हुई थी
केंद्र सरकार ने 14 जून 2022 को अग्निपथ योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत युवाओं को सेना की तीनों शाखाओं में निर्धारित अवधि के लिए भर्ती किया जाता है। अब सेवा अवधि में बदलाव की घोषणा से पहले बैच सहित हजारों अग्निवीरों के भविष्य को लेकर नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है।
