Wednesday, November 4, 2026
Home » Blog » महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की CBI रिमांड, CM बोले- पूछताछ में सामने आएंगे कई नाम

महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की CBI रिमांड, CM बोले- पूछताछ में सामने आएंगे कई नाम

रायपुर की विशेष CBI कोर्ट ने मुख्य आरोपी को पूछताछ के लिए जांच एजेंसी की हिरासत में सौंपा।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की CBI कोर्ट में पेश करते हुए पुलिसकर्मी।

CG Prime News@रायपुर. Mahadev Betting App Case महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने बुधवार को सुनवाई के बाद उसे 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। अब CBI की टीम उसे दिल्ली लेकर जाएगी, जहां जांच एजेंसी अपने कार्यालय में उससे पूछताछ करेगी। अदालत ने 12 नवंबर को उसे दोबारा पेश करने के निर्देश दिए हैं।

RAED MORE:CBI ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को किया गिरफ्तार

दिल्ली में होगी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ

सौरभ चंद्राकर की पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भारी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे। सुनवाई के दौरान CBI की ओर से रिमांड की मांग रखी गई। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारी और वकील भी अदालत में मौजूद रहे। ED ने भी आरोपी की हिरासत के लिए अलग से आवेदन दिया है। दूसरी ओर, सौरभ के वकील तुषार गिरी ने CBI की रिमांड मांग का विरोध किया। उन्होंने जांच एजेंसी की हिरासत की मांग को अनुचित बताया।


ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया आरोपी

करीब 6 हजार करोड़ रुपये के महादेव ऑनलाइन सट्टा घोटाले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को CBI ओमान से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के बाद भारत लेकर आई है। मंगलवार को उसे दिल्ली से फ्लाइट E6 2307 के जरिए रायपुर पहुंचाया गया था। इससे पहले सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर CBI को सौंपा था।

मुख्यमंत्री साय बोले- पूछताछ में सामने आएंगे कई नाम

सौरभ की गिरफ्तारी और भारत वापसी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्य आरोपी को पकड़कर भारत लाया गया है। CBI की पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

सौरभ ने जताई थी जान को खतरे की आशंका

ओमान में हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर ने भारत की जेल में अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उसने अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की थी। आरोपी ने जांच एजेंसियों को महादेव सट्टा नेटवर्क के कथित राजनीतिक संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और विदेशों में संपत्तियों से जुड़ी जानकारी देने की बात कही थी। हालांकि इन दावों की जांच एजेंसियों की ओर से पुष्टि होना बाकी है।

दीपक बैज ने रवि उप्पल और शुभम सोनी को लेकर उठाए सवाल

इस मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि सौरभ चंद्राकर को भारत लाया गया, लेकिन रवि उप्पल और शुभम सोनी अब तक जांच एजेंसियों की गिरफ्त से बाहर क्यों हैं। उन्होंने महादेव ऐप मामले में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान दर्ज FIR और की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया।

13 FIR की जांच कर रही है CBI

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामलों में छत्तीसगढ़ सरकार ने 13 FIR की जांच CBI को सौंपी थी। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं ED इस पूरे प्रकरण की मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच कर रही है और सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल कर चुकी है। अब CBI की पूछताछ से इस नेटवर्क के कथित आर्थिक लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

You may also like