Sunday, November 1, 2026
Home » Blog » CBI ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को किया गिरफ्तार

CBI ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को किया गिरफ्तार

रायपुर के स्पेशल कोर्ट में होगी पेशी। लाया गया भारत

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@रायपुर.Mahadev Satta App Case महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में फरार मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर आखिरकार गिरफ्तार हो गया है। सीबीआई (CBI) ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ मिलकर उसे ओमान में पकड़ा और भारत लाया है। मिली जानकारी के अनुसार उसे रायपुर की स्पेशल सीबीआई (CBI) कोर्ट में पेश किया जाएगा।

CBI को सौंपी थी जांच

बता दें छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए सीबीआई को सौंपी थी। इसके अलावा ED के मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की गई है।

सीबीआई की जांच में सामने आया था कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था। इसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था। प्लेटफार्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और दूसरे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जाता था। इसके लिए देशभर में फ्रेंचाइजी की तरह पैनल और ब्रांच बनाई गई थी। इनके जरिए लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था।उनसे पैसे जमा कराए जाते थे।


ओमान की रॉयल पुलिस ने किया था गिरफ्तार

सीबीआई के मुताबिक सौरभ चंद्राकर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके आधार पर ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। इसके बाद सीबीआई और ईडी ने भारत सरकार के माध्यम से ओमान को उसके प्रत्यर्पण के लिए औपचारिक प्रस्ताव भेजा था। इसमें आरोपी के खिलाफ जुटाए गए सबूत भी दिए गए थे। भारत सरकार की एजेंसियों इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद उसके प्रत्यर्पण को मंजूरी मिली है। इसके बाद सीबीआई की टीम मस्कट पहुंची और उसे लेकर भारत आ गई।

रायपुर में होगी पेशी

सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार भारत पहुंचने के बाद महादेव सट्टा के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट डिमांड लेकर उसे रायपुर ले जाया जाएगा। 2 नवंबर को उसे रायपुर के विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जा सकता है।

You may also like