Tuesday, March 17, 2026
Home » Blog » भिलाई कैंप-2 में बच्चों का विवाद बना सांप्रदायिक तनाव, पथराव में कई घायल

भिलाई कैंप-2 में बच्चों का विवाद बना सांप्रदायिक तनाव, पथराव में कई घायल

गफ्फार मोहल्ले में देर रात दो पक्ष आमने-सामने; पुलिस बल तैनात, हालात नियंत्रण में

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई कैंप-2 गफ्फार मोहल्ला में विवाद के बाद तैनात पुलिस बल

भिलाई. छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 स्थित गफ्फार मोहल्ले में सोमवार रात बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक बड़ा रूप ले बैठा और देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से पथराव और मारपीट हुई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसे पुलिस ने समय रहते नियंत्रित कर लिया।

यह भी पढ़ेः दुर्ग के पंचशील नगर में पकड़ाए 13 जुआरी, खेत में सजी थी महफिल, पड़ी पुलिस रेड

कैसे बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे दो पड़ोसी परिवारों के बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी। यह झड़प कुछ ही देर में बड़ों तक पहुंच गई और दोनों पक्षों के लोग एकत्रित होकर आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ते ही पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

पहले से था तनाव

स्थानीय लोगों का कहना है कि दो दिन पहले भी इलाके में एक मामला सामने आया था, जिसमें एक युवक पर दूसरी समुदाय की युवती को लेकर जाने का आरोप लगा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को बरामद कर संबंधित युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा आसपास के थाना क्षेत्रों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

You may also like