CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निज सहायक (PA) बताए जा रहे केके चंद्राकर के निवास पर पहुंची है। टीम कई वाहनों में मौके पर पहुंची और घर के भीतर जांच की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।
दस्तावेजों और सामान की जांच
बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी सुबह चंद्राकर के निवास पर पहुंचे। इसके बाद टीम ने घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान ED के अधिकारियों की मौजूदगी में घर के विभिन्न हिस्सों में जांच किए जाने की जानकारी है।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी की यह कार्रवाई किस मामले या जांच से जुड़ी हुई है। एजेंसी की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

कार्रवाई के बाद तस्वीर होगी साफ
ईडी की कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि के अभाव में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने और प्रवर्तन निदेशालय की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई का आधार क्या है और जांच का दायरा कितना बड़ा है।
फिलहाल ईडी की टीम द्वारा चंद्राकर के निवास पर जांच की कार्रवाई जारी बताए जाने की जानकारी है। मामले में आगे क्या सामने आता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

