
CG Prime News@रायपुर. Hostel plaster falls on students at Indira Gandhi Krishi Vishwavidyalaya रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के छात्रावासों की जर्जर स्थिति को लेकर छात्रों की चिंता बढ़ गई है। पिछले दो दिनों में विश्वविद्यालय के तीन अलग-अलग हॉस्टलों में छज्जे और प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। शुक्रवार देर रात शिवम हॉस्टल में छज्जे का स्लैब गिरने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि शनिवार सुबह सत्यम और मंदाकिनी हॉस्टल में भी प्लास्टर गिरा। हालांकि इन दोनों घटनाओं में कोई छात्र घायल नहीं हुआ।

IGKV में हादसा: सो रहे छात्रों पर गिरा हॉस्टल का भारी प्लास्टर, छात्र गंभीर रूप से घायल
छात्र बोले- हर रात डर के साए में रहना पड़ता है
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय के कई छात्रावासों की इमारतें काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। कई कमरों की छतों और दीवारों में दरारें हैं तथा जगह-जगह प्लास्टर उखड़ रहा है। छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से मरम्मत की मांग के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

शिवम हॉस्टल में छात्र हुआ घायल
शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे शिवम हॉस्टल के एक कमरे की छत का हिस्सा अचानक गिर गया। उस समय कमरे में चार छात्र सो रहे थे। मलबे की चपेट में आने से नीरज नामक छात्र के सिर में गंभीर चोट आई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में चार टांके लगाए गए। घटना के बाद छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
कुलपति ने दिए सभी 12 हॉस्टलों की जांच के निर्देश
लगातार हो रही घटनाओं के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय हुआ है। कुलपति जी. चंदेल ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी 12 छात्रावासों का तकनीकी निरीक्षण कराया जाएगा। जिन भवनों में मरम्मत की आवश्यकता होगी, वहां तत्काल सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
NSUI ने किया विरोध प्रदर्शन
घटना के विरोध में NSUI कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव महताब हुसैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुलपति के वाहन के सामने प्रदर्शन करते हुए छात्रावासों की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और भवनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
