Home » Blog » कबीरधाम में किसान पिता-पुत्र की मौत, खेत में झटका तार की चपेट में आए

कबीरधाम में किसान पिता-पुत्र की मौत, खेत में झटका तार की चपेट में आए

कबीरधाम के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बीरनपुर कला गांव की घटना, खेत में बुआई के दौरान करंट की चपेट में आए पिता-पुत्र; अवैध झटका तार पर कार्रवाई की मांग तेज।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
खेत में झटका तार बना मौत का जाल: बेटे को बचाने दौड़े पिता की भी गई जान, कबीरधाम में दर्दनाक हादसा

CG Prime News@कबीरधाम. Farmer Death in kabirdham  जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बीरनपुर कला में खेत में लगाए गए अवैध झटका तार की चपेट में आने से किसान और उसके बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों खेत में बुआई का कार्य कर रहे थे। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों ने खेतों में लगाए जा रहे अवैध विद्युत झटका तारों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी करंट की चपेट में आए

प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान गोकरण पटेल अपने 22 वर्षीय बेटे परमेश पटेल के साथ खेत में बुआई कर रहे थे। इसी दौरान परमेश खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए झटका तार की चपेट में आ गया। बेटे को करंट लगते देख गोकरण पटेल उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी बिजली की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी भोजन लेकर पहुंची तो सामने था दर्दनाक मंजर

हादसे की जानकारी काफी देर तक किसी को नहीं लगी। बाद में गोकरण पटेल की पत्नी दोनों के लिए भोजन लेकर खेत पहुंचीं। वहां उन्होंने पति और बेटे को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाने पर दोनों की मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खेत में झटका तार किसने और किन परिस्थितियों में लगाया था।

ग्रामीणों में आक्रोश, अवैध झटका तार हटाने की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि जंगली जानवरों और फसलों की सुरक्षा के नाम पर कई किसान खेतों में अवैध रूप से बिजली का झटका देने वाले तार लगा रहे हैं। इससे पहले भी ऐसे हादसे सामने आ चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, अवैध झटका तार हटाने और सुरक्षित फसल सुरक्षा के वैकल्पिक उपाय उपलब्ध कराने की मांग की है।

You may also like