Friday, July 31, 2026
Home » Blog » दुर्ग पुलिस ने बिहार से संचालित ऑनलाइन सट्टा गिरोह को पकड़ा, 4-5 करोड़ का मंथली कारोबार

दुर्ग पुलिस ने बिहार से संचालित ऑनलाइन सट्टा गिरोह को पकड़ा, 4-5 करोड़ का मंथली कारोबार

पटना से तीन आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में, लाखों रुपये की डिजिटल सामग्री जब्त

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
दुर्ग पुलिस ने बिहार से संचालित ऑनलाइन सट्टा गिरोह को पकड़ा, 4-5 करोड़ का मंथली कारोबार

CG Prime News@दुर्ग. Durg police busted an online betting gang operating from Bihar दुर्ग जिले की खुर्सीपार थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए बिहार राज्य के पटना से संचालित गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक नाबालिग बालक भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि गिरोह द्वारा ऑनलाइन गेमिंग एवं बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 12 से 15 लाख और प्रतिमाह लगभग 4 से 5 करोड़ का ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन किया जाता था। आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, 14 एटीएम कार्ड, 2 बैंक पासबुक सहित ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक एवं दस्तावेजी सामग्री जब्त किए गए हैं।

खुर्सीपार थाना में पंजीबद्ध अपराध की जांच की

ऑनलाइन सट्टा, साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुर्सीपार में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 236/2026 में धारा 318(3), 318(4), 319 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 7 के अंतर्गत विवेचना की जा रही थी।

पहले से गिरफ्तार आरोपियों से मिला क्लू

प्रकरण में पूर्व में ऑनलाइन सट्टा और म्यूल बैंक खातों से जुड़े कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी। विवेचना के दौरान प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण, मोबाइल डेटा, डिजिटल ट्रेल एवं गोपनीय सूचना के आधार पर गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश की जा रही थी।


टीम को बिहार रवाना किया

इसी क्रम में गठित विशेष पुलिस टीम को बिहार राज्य के पटना रवाना किया गया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर पर सतत सूचना संकलन के आधार पर पुलिस टीम ने पटना स्थित नारायण प्लाजा अपार्टमेंट में कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक विधि-विरुद्ध बालक को विधिक प्रावधानों के अनुसार अभिरक्षा में लिया।

किराए के मकान में चल रहा था अवैध सट्टा

पूछताछ और प्रारंभिक तकनीकी जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी किराये के मकान में रहकर ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहे थे। विभिन्न ऑनलाइन गेमिंग, बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को जोड़कर अवैध सट्टा संचालित करते थे।

ऑनलाइन प्लेटफार्म पर लगवाते थे दाव

आरोपी संगठित तरीके से ऑनलाइन गेमिंग, बेटिंग प्लेटफॉर्म जैसे लूडो, कैसीनो, एविएटर (्र1द्बड्डह्लशह्म्), फुटबॉल बेटिंग सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आईडी उपलब्ध कराकर लोगों से दांव लगवाते थे। हार-जीत की राशि का लेन-देन विभिन्न नेट बैंकिंग, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग एवं म्यूल बैंक खातों के माध्यम से कराया जाता था। आरोपी लगातार बैंक खाते बदलते हुए डिजिटल माध्यम से लेन-देन कर अवैध कमाई करते थे। ताकि वित्तीय ट्रांजेक्शन को छिपाया जा सके।

प्रतिदिन होता था 12 से 15 लाख का ऑनलाइन सट्टा

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह द्वारा प्रतिदिन लगभग 12 से 15 लाख का ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जाता था। प्रतिमाह लगभग 4 से 5 करोड़ का ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन किया जाता था। जब्त डिजिटल उपकरणों, बैंक खातों एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विस्तृत फॉरेंसिक एवं तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

1. आफताब अहमद, उम्र 24 वर्ष, निवासी अहमदनगर कैंप-2, रजा जामा मस्जिद के पास, थाना छावनी, भिलाई, जिला दुर्ग।
2. दानिश खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी कैंप-1, थाना वैशाली नगर, भिलाई, जिला दुर्ग।
3. एक विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया।

जब्त सामग्री

1. 14 मोबाइल फोन
2. 14 एटीएम कार्ड
3. 11 बैंक पासबुक
4. ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त अन्य इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी सामग्री

You may also like