CG Prime News@दुर्ग.Durg Police Bulldozes Liquor Worth 65 Lakhs जिला पुलिस दुर्ग ने लंबे समय से थाना परिसरों और मालखानों में रखी जप्त शराब के नष्टीकरण के लिए विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने न्यायालय की अनुमति के बाद लगभग 15,119.976 बल्क लीटर मदिरा को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट किया। जप्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना और चौकी परिसरों में वर्षों से लंबित आबकारी मामलों से संबंधित थी।
थानों में जगह की कमी और दुर्गंध बनी थी समस्या
दुर्ग पुलिस के अनुसार जिले के कई थाना परिसरों में पिछले लगभग 10 वर्षों से आबकारी एक्ट और अन्य मामलों में जप्त शराब रखी हुई थी। बड़ी मात्रा में शराब जमा होने के कारण मालखानों में जगह की गंभीर कमी हो रही थी। इसके साथ ही लंबे समय तक शराब रखे रहने से दुर्गंध फैल रही थी, जिससे पुलिस कर्मचारियों और थानों में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लगातार दुर्गंध और अस्वच्छ वातावरण से कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका थी। इसी समस्या को देखते हुए विशेष अभियान चलाकर जप्त मदिरा को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
480 प्रकरणों की शराब का किया गया नष्टीकरण
पुलिस प्रशासन ने न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद 480 न्यायालयीन प्रकरणों में जप्त शराब को नष्ट किया। इस दौरान गठित विशेष समिति, न्यायालयीन शाखा, आबकारी विभाग और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई।
नष्टीकरण अभियान के बाद थाना परिसरों में अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे भविष्य में बैठने और रिकॉर्ड प्रबंधन की व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
