Home » Blog » कुम्हारी टोल प्लाजा पर पुलिस जवान को कुचलने की कोशिश, नागपुर के दो युवक गिरफ्तार

कुम्हारी टोल प्लाजा पर पुलिस जवान को कुचलने की कोशिश, नागपुर के दो युवक गिरफ्तार

वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार से भागने का प्रयास, आरक्षक घायल; हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@दुर्ग. Attempt to Run Over Police Constable at Kumhari Toll Plaza दुर्ग पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस जवान को कुचलने की कोशिश करने वाले नागपुर के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना शुक्रवार दोपहर थाना कुम्हारी क्षेत्र स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा के पास रायपुर-दुर्ग मार्ग पर हुई। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास

पुलिस के अनुसार, यातायात पुलिस की टीम कुम्हारी टोल प्लाजा के पास नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:40 बजे रायपुर की ओर से दुर्ग जा रही एक तेज रफ्तार कार दिखाई दी। वाहन के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।
ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रमेश चंद्राकर ने वाहन चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय गति बढ़ा दी। आरोप है कि चालक ने आरक्षक को टक्कर मारते हुए वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। घटना में आरक्षक के हाथ की उंगली में चोट आई।

पीछा कर सिरसा गेट के पास पकड़ी गई कार

घटना के बाद वाहन चेकिंग में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा शुरू किया। यातायात पुलिस टीम ने कार को सिरसा गेट के पास रोक लिया। वाहन में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। पूछताछ में आरोपियों की पहचान रमजान निवासी न्यू नेहरू नगर, नागपुर और जाकिर मोहम्मद निवासी बड़ा ताजबाग, सक्करदारा, नागपुर के रूप में हुई। पुलिस ने कार क्रमांक MH 02 AY 3475 को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला

थाना कुम्हारी में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 221 और 3(5) के साथ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 100 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

You may also like