Wednesday, September 30, 2026
Home » Blog » BSP स्क्रैप चोरी केस: HTC सुपरवाइजर को मिली अग्रिम जमानत

BSP स्क्रैप चोरी केस: HTC सुपरवाइजर को मिली अग्रिम जमानत

भिलाई-3 की अदालत ने 23 सितंबर को सुनाया फैसला, पुलिस जांच में अखिलेश तिवारी की भूमिका अब भी जांच के दायरे में, मामले में कई सहआरोपियों को पहले ही मिल चुकी है जमानत

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
BSP स्क्रैप चोरी केस: HTC सुपरवाइजर को मिली अग्रिम जमानत

CG Prime News@भिलाई. BSP scrap theft case भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से स्क्रैप परिवहन के दौरान कथित लोहा चोरी के मामले में हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के सुपरवाइजर अखिलेश कुमार तिवारी को अग्रिम जमानत मिल गई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश भिलाई-3 भानु प्रताप सिंह त्यागी की अदालत ने 23 सितंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया।

अदालत ने केस डायरी और पुलिस के प्रतिवेदन का अवलोकन करने के बाद पाया कि अखिलेश तिवारी की अपराध में प्रत्यक्ष संलिप्तता से संबंधित कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस की ओर से भी कोर्ट को बताया गया कि फिलहाल उनके खिलाफ अपराध में प्रत्यक्ष भूमिका या अभियोजन योग्य पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं।

पुलिस ने दर्ज किया बयान, संपर्कों की भी हुई जांच

पुलिस के अनुसार अखिलेश तिवारी HTC में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके अधीन कुछ वाहन BSP से स्क्रैप परिवहन के काम में लगाए गए थे। जांच के दौरान मामले से जुड़े कुछ लोगों के साथ उनके संपर्क की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने उनका बयान भी दर्ज किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया और न ही आरोपी के तौर पर नामजद किया है। पुलिस की ओर से कहा गया कि उनकी भूमिका की जांच अभी जारी है।


सहआरोपियों को मिली जमानत का दिया गया हवाला

अग्रिम जमानत की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने बताया कि इसी मामले में कई अन्य आरोपियों को हाईकोर्ट और सत्र न्यायालय से जमानत मिल चुकी है। इनमें संजय सिंह, हिमांशु खंडेलवाल, अभय सिंह, हिमांशु भूषण मलिक, उपेंद्र उर्फ पिंटू ओझा और मनोज कुमार देवांगन समेत अन्य नाम शामिल हैं। बचाव पक्ष ने समानता के आधार पर अग्रिम जमानत देने की मांग की। यह भी तर्क दिया गया कि पुलिस जांच पूरी हो चुकी है, आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और अभियोग पत्र भी पेश किया जा चुका है।

24 अगस्त को HTC कार्यालय में GST की कार्रवाई

मामले से जुड़े HTC कार्यालय में 24 अगस्त को GST की 12 सदस्यीय टीम ने भी कार्रवाई की थी। इस दौरान कंपनी के वाहनों के संचालन और कारोबार से संबंधित GST रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई थी। कंपनी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू बताए गए हैं। कंपनी के पास 1500 से अधिक ट्रकों के संचालन की जानकारी भी सामने आई थी। GST कार्रवाई के बाद कंपनी पर जुर्माना लगाए जाने की बात भी सामने आई थी।

You may also like