CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी स्कूल की कक्षा में परीक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से तीन विद्यार्थी घायल हो गए। घटना रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल की है, जहां मंगलवार को कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राएं संस्कृत विषय की त्रैमासिक परीक्षा दे रहे थे। हादसे में घायल एक छात्रा के सिर में चोट आई है और उसका इलाज जिला अस्पताल दुर्ग में जारी है।
परीक्षा के बीच अचानक नीचे गिरा प्लास्टर
जानकारी के मुताबिक, परीक्षा के दौरान कक्षा में करीब 50 विद्यार्थी मौजूद थे। सभी छात्र संस्कृत विषय की परीक्षा में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक क्लासरूम की छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। प्लास्टर गिरते ही कमरे में मौजूद विद्यार्थियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हादसे में कक्षा 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में चोट लगी। उपचार के दौरान उसके सिर में तीन टांके लगाए गए हैं। छात्रा को चिकित्सकीय निगरानी के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो अन्य विद्यार्थियों को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है, हालांकि उनकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं।

घायल विद्यार्थियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने घायल विद्यार्थियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घटना के कारण परीक्षा भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुई।
शिक्षा विभाग ने जांच के लिए टीम भेजी
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जांच दल को स्कूल भेजा गया है। टीम स्कूल भवन की मौजूदा स्थिति का निरीक्षण करेगी और छत का प्लास्टर गिरने के कारणों की जानकारी जुटाएगी। साथ ही भवन की पहले से स्थिति, मरम्मत की जरूरत और सुरक्षा से संबंधित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

