मुंबई। Ranveer Singh की बहुप्रतीक्षित फिल्म Dhurandhar: The Revenge 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। रिलीज से पहले 18 मार्च से इसके पेड प्रिव्यू शो भी शुरू किए जाएंगे। हालांकि फिल्म की लंबाई करीब चार घंटे होने के कारण सिनेमाघरों में इसके शोज की संख्या सामान्य फिल्मों की तुलना में कम रखी जाएगी। कई थिएटर मालिकों का कहना है कि लंबा रनटाइम शेड्यूल को प्रभावित कर सकता है।
रनटाइम के कारण दिन में सिर्फ चार शो
फिल्म के निर्देशक Aditya Dhar की इस एक्शन ड्रामा का रनटाइम लगभग 3 घंटे 55 मिनट बताया जा रहा है। ऐसे में इंटरवल और थिएटर की साफ-सफाई का समय जोड़ने पर एक शो खत्म होने में लगभग साढ़े चार घंटे का समय लगेगा। Rajkumar Mehrotra ने बताया कि आमतौर पर एक ऑडिटोरियम में रोजाना पांच शो चलाए जाते हैं, लेकिन इस फिल्म के लंबे रनटाइम के कारण सुबह जल्दी शो शुरू करने के बावजूद देर रात तक अधिकतम चार शो ही संभव हो पाएंगे। कुछ थिएटरों में आधी रात वाला शो सुबह तक चलने की भी संभावना जताई जा रही है।
एडवांस बुकिंग में दिख रहा जबरदस्त क्रेज
फिल्म की एडवांस बुकिंग को भी शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह तक करीब 5.44 लाख सीटें बुक हो चुकी थीं। वीकेंड तक के कई शो तेजी से भरते नजर आ रहे हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यही रफ्तार बनी रही तो फिल्म ओपनिंग डे पर शानदार कमाई कर सकती है और बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये तक का आंकड़ा छूने की संभावना जताई जा रही है।
