Home » Blog » होली पर अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, दंपत्ति गिरफ्तार

होली पर अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, दंपत्ति गिरफ्तार

सुपेला पुलिस की दबिश में 30 पौवा देशी-विदेशी शराब जप्त, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई के कृष्णा नगर क्षेत्र में अवैध शराब जप्त करती सुपेला पुलिस टीम।

दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना सुपेला पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दंपत्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई के कृष्णा नगर स्थित डमरू मोहल्ला क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने का काम किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।

रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी

दबिश के दौरान पुलिस ने दीनानाथ चौहान (72 वर्ष) एवं उनकी पत्नी मुखिया देवी (65 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, डमरू मोहल्ला, भिलाई को अवैध शराब बिक्री करते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से देशी एवं विदेशी शराब सहित बिक्री की नकद रकम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 328/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत किया।

30 पौवा शराब और नकदी जप्त

पुलिस कार्रवाई में कुल 30 पौवा शराब जप्त की गई, जिसमें 10 नग देशी मसाला शोले, 10 नग देशी प्लेन शोले, 5 नग अंग्रेजी गोवा शराब एवं 5 नग अंग्रेजी जानू शराब शामिल हैं। साथ ही बिक्री से प्राप्त 250 रुपये नकद भी बरामद किए गए। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3,250 रुपये आंकी गई है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक नमिता टेकाम, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक सुरेंद्र पटेल एवं महिला आरक्षक मधु देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब बिक्री एवं भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध शराब बिक्री या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

You may also like