कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच आत्मसमर्पण का सिलसिला तेज हो गया है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार 25 से 28 मार्च 2026 के बीच कुल 9 माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है।
आज 3 और कैडरों ने किया सरेंडर
शनिवार 28 मार्च को तीन माओवादी कैडरों—राधिका कुंजाम (ACM), संदीप कड़ियाम (ACM) और रैनू पद्दा (PM) ने आत्मसमर्पण किया। इन कैडरों ने कुल 3 हथियार भी पुलिस के सामने जमा किए, जिनमें 2 SLR और 1 .303 राइफल शामिल हैं।
अन्य माओवादियों से संपर्क की कोशिश
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों से मिली जानकारी के आधार पर क्षेत्र में सक्रिय अन्य माओवादियों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें भी मुख्यधारा में शामिल किया जा सके।
IG बस्तर ने किया स्वागत
सुन्दरराज पट्टलिंगम ने इन कैडरों के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने शेष माओवादियों से अपील की है कि वे हिंसा छोड़कर शांतिपूर्ण जीवन अपनाएं।
पुनर्वास प्रक्रिया जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले सभी 9 कैडरों के पुनर्वास और समाज में पुनः एकीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।
