रायपुर | राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 2.44 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,02,200 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर सूचना पर पुलिस की त्वरित घेराबंदी
पुलिस को 22 फरवरी 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के रायपुरा स्थित विसर्जन कुंड के पास एक व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिला गांजा और तौल मशीन
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद देवांगन (34 वर्ष) निवासी शीतला मंदिर के पीछे, पुराना चंगोराभाठा, थाना डी.डी. नगर, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 2.44 किलोग्राम गांजा एवं एक छोटा तौल मशीन बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और उपकरण जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 139/26 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशा नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गांजा सप्लाई नेटवर्क की फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस की जांच की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान कर End-to-End कार्रवाई की जाएगी।
2026 में अब तक बड़ी कार्रवाई
एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट की टीम ने वर्ष 2026 में अब तक गांजा से जुड़े 16 मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन प्रकरणों में कुल 158.821 किलोग्राम गांजा, 2,05,700 रुपये नगद, 2 चारपहिया वाहन, 1 तौल मशीन और 8 मोबाइल फोन सहित लगभग 91.79 लाख रुपये की सामग्री जब्त की जा चुकी है।
