CG Prime News@बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जरहागांव थाना क्षेत्र के मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास हुआ। घटनास्थल से पुलिस को ‘सीएमओ’ (CMO) लिखी टूटी हुई नंबर प्लेट मिली है, जिसके आधार पर मामले की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने संबंधित स्कोडा कार को भी क्षतिग्रस्त अवस्था में नगर पालिका परिसर से बरामद कर लिया है।
जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अमरेश सिंह अपने एक साथी के साथ मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद स्कोडा कार से लौट रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार रात करीब 11 बजे मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास कार की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से चले गए। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह पुष्टि नहीं की है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था।

बिलासपुर में CMO लिखी स्कोडा कार की टक्कर से दो महिलाओं की मौत, युवक गंभीर

दो महिलाओं की मौके पर मौत, युवक सिम्स रेफर
हादसे के समय बाइक पर ग्राम मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (32), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से किरण बांसोड़ और हेमलता साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल भुनेश्वर साहू को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
‘सीएमओ’ लिखी नंबर प्लेट बनी अहम सुराग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कोडा कार तेज रफ्तार में थी। टक्कर के दौरान कार के आगे लगी ‘सीएमओ’ लिखी नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार सीएमओ चला रहे थे, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान संबंधित स्कोडा कार नगर पालिका परिसर में क्षतिग्रस्त हालत में मिली है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस नंबर प्लेट, वाहन की स्थिति, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे की जांच कर रही है। फरार चालक की पहचान और उसकी भूमिका स्पष्ट करने के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
