Saturday, September 26, 2026
Home » Blog » गणेश विसर्जन करने गए दो बच्चे अरपा नदी में बहे, नारियल लेने उतरे थे पानी में 

गणेश विसर्जन करने गए दो बच्चे अरपा नदी में बहे, नारियल लेने उतरे थे पानी में 

दयालबंद के मधुबन इलाके की घटना, 12 और 16 साल के दोनों बच्चे नदी में लापता, पुलिस के बाद SDRF ने संभाला रेस्क्यू ऑपरेशन

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
गणेश विसर्जन करने गए दो बच्चे अरपा नदी में बहे, नारियल लेने उतरे थे पानी में 

CG Prime News@बिलासपुर. बिलासपुर में गणेश विसर्जन के दौरान शनिवार दोपहर अरपा नदी में बड़ा हादसा हो गया। दयालबंद के मधुबन इलाके में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद नदी से नारियल लेने पानी में उतरे दो बच्चे गहरे हिस्से में चले गए और तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम नदी में बच्चों की तलाश कर रही है।

नारियल लेने पानी में गए थे आयान और इमयेज

जानकारी के मुताबिक, मधुबन अटल आवास निवासी आयान अंसारी (12) और इमयेज (16) शनिवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए अरपा नदी पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों बच्चे नदी में नारियल लेने के लिए उतरे। इसी दौरान वे पानी के गहरे हिस्से की तरफ चले गए और अचानक बहाव की चपेट में आ गए।

आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बचाने के लिए तत्काल प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में दोनों नदी में दिखाई देना बंद हो गए। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजन और स्थानीय लोग भी बच्चों की तलाश में जुट गए।


पुलिस के बाद SDRF की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति की जानकारी लेने के बाद रेस्क्यू टीम को बुलाया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने अरपा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों और रेस्क्यू टीम की मदद से नदी के संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश की जा रही है।

गोताखोरों की देरी पर परिजनों में नाराजगी

हादसे के बाद बच्चों के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि गोताखोरों के पहुंचने में हुई देरी को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। इस बीच पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश तेज कर दी है। समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला था और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था।

You may also like