Friday, September 25, 2026
Home » Blog » एअर इंडिया के ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट का पायलट नशे में मिला, उड़ान से पहले निलंबित

एअर इंडिया के ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट का पायलट नशे में मिला, उड़ान से पहले निलंबित

6 सितंबर को AI-151 के उड़ान भरने से पहले ग्राउंड स्टाफ को पायलट के मुंह से शराब की गंध आई थी। जांच पूरी होने तक पायलट निलंबित रहेगा।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
एअर इंडिया के ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट का पायलट नशे में मिला, उड़ान से पहले निलंबित

CG Prime News@दिल्ली. एअर इंडिया के ज्यूरिख-दिल्ली रूट पर संचालित AI-151 फ्लाइट के पायलट को शराब के नशे में पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है। यह घटना 6 सितंबर की है। उड़ान से पहले अनिवार्य अल्कोहल टेस्ट में पायलट के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख एयरपोर्ट पर ही विमान से उतार दिया गया। एअर इंडिया ने जांच पूरी होने तक निलंबन जारी रखने की बात कही है।

ग्राउंड स्टाफ को आई थी शराब की गंध

फ्लाइट के टेकऑफ से पहले ग्राउंड स्टाफ को पायलट के मुंह से शराब की गंध महसूस हुई। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद पायलट का अनिवार्य अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया। उसे ड्यूटी से हटाकर उसी फ्लाइट से भारत भेज दिया गया। पायलट के हटाए जाने के कारण AI-151 की उड़ान भी निर्धारित समय पर ऑपरेट नहीं हो सकी।

एअर इंडिया ने कहा- सुरक्षा नियमों पर जीरो टॉलरेंस

एअर इंडिया ने मामले पर कहा कि सुरक्षा, नियमों या तय प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती है। एयरलाइन के मुताबिक सभी क्रू मेंबर्स को उच्चतम सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं और इसके लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं।


स्विट्जरलैंड के अधिकारियों ने भी की कार्रवाई

स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन (FOCA) ने भी घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक पायलट के खिलाफ स्विट्जरलैंड के नियमों के तहत कार्रवाई की गई और इसकी जानकारी भारत के DGCA को दी गई।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

एअर इंडिया के पायलट से जुड़ा यह पहला नियम उल्लंघन का मामला नहीं है। इससे पहले 4 अगस्त को फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के कमांडर का ड्रग टेस्ट दो बार पॉजिटिव आया था। उस फ्लाइट के दौरान विमान करीब 300 फीट तक नीचे आ गया था और उसमें सवार 145 लोगों में 20 से अधिक यात्री तथा चार क्रू मेंबर घायल हुए थे। पायलट ने नींद की समस्या और डॉक्टर की सलाह पर दवा लेने की बात कही थी।

You may also like