CG Prime News@रायपुर. Chhattisgarh heavy Rain Alert CG Weather News छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। गरियाबंद में रायपुर से देवभोग जा रही यात्री बस सराई भदर के पास बाढ़ के पानी में फंस गई। नाले में करीब चार फीट पानी और तेज बहाव के बीच बस में लगभग 50 यात्री फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस जवान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सी की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
गरियाबंद में 200 मिमी से ज्यादा बारिश
गरियाबंद जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सिकासार बांध से सुरक्षा के मद्देनजर करीब 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, गरियाबंद में नाले के तेज बहाव में फंसी यात्री बस

रायपुर में कई इलाकों में जलभराव
राजधानी रायपुर, दुर्ग जिले में भी बारिश का असर देखने को मिला। भाठागांव, सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र समेत कई इलाकों में पानी भर गया। वहीं जगदलपुर के गंगा मुंडा और अन्य निचली बस्तियों में नालियां जाम होने से सड़कें जलमग्न हो गईं। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में कुछ घरों में भी नाली का पानी घुसने की जानकारी सामने आई है।
बस्तर में स्कूल बंद, गांवों में बाढ़ जैसे हालात
भारी बारिश को देखते हुए बस्तर जिले में 25 सितंबर को सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में पानी भरने से संपर्क प्रभावित हुआ है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में इंद्रावती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

लैंडस्लाइड से दो ट्रेनें रद्द
बारिश के कारण रायगढ़ मंडल के MVG-CTS स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हुआ। इसके चलते 25 सितंबर को किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो ट्रेनें रद्द की गई हैं। इनमें 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी खराब मौसम के कारण रद्द कर दी गई है।
गरियाबंद-कांकेर में तिमाही परीक्षा रद्द
भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए गरियाबंद और कांकेर में आज से शुरू होने वाली तिमाही परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
डीप डिप्रेशन का असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके कमजोर होने के बावजूद इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश के रूप में बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।
