CG Prime News@बालोद. Balod road accident छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पुरूर थाना क्षेत्र में जगदलपुर नेशनल हाईवे पर मरकाटोला घाट के पास करीब दोपहर 1 बजे हुआ। गेहूं से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया।
पिकअप खराब होने पर सड़क किनारे रुके थे युवक
पिकअप में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम का सामान लदा था। इसमें कुल 13 युवक सवार थे और सभी कवर्धा से जगदलपुर जा रहे थे। बताया गया कि रायपुर में गणेश विसर्जन के बाद युवक जगदलपुर में एक कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। मरकाटोला घाट के पास पिकअप में खराबी आने के बाद वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। बारिश के कारण सभी युवक पिकअप के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए गेहूं लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

बालोद में ट्रक-पिकअप की भीषण टक्कर, 6 युवकों की मौत, 7 घायल रायपुर रेफर

ट्रक के नीचे दबे मिले कुछ युवक
टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कुछ युवक उछलकर दूर जा गिरे, जबकि कुछ ट्रक के नीचे दब गए। ट्रक के नीचे दबने से 6 युवकों की मौत हो गई। हादसे में घायल 7 युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
कवर्धा की श्री कृष्ण धुमाल पार्टी से जुड़े थे युवक
बताया गया है कि मृतक और घायल युवक कवर्धा की श्री कृष्ण धुमाल पार्टी से जुड़े थे। वे जगदलपुर में गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान साउंड और बाजा बजाने के लिए जा रहे थे। घटना के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
