CG Prime News@दिल्ली. Asian Games 2026 भारत ने एशियन गेम्स में शनिवार को कबड्डी के दोनों स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। पहले महिला टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके बाद पुरुष टीम ने भी ईरान को 40-34 से मात देकर स्वर्ण पदक जीता। पुरुष कबड्डी टीम का यह एशियन गेम्स में लगातार 10वां पदक है। वहीं, भारतीय महिला टीम ने लगातार पांचवें एशियाड में पदक हासिल किया है। एक ही दिन महिला और पुरुष दोनों टीमों का गोल्ड जीतना भारतीय कबड्डी के लिए अहम उपलब्धि रहा।
दूसरे हाफ में बदला मुकाबले का रुख
पुरुषों के फाइनल में ईरान ने शुरुआत से भारत पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के अंत तक ईरान 18-17 से आगे था। दूसरे हाफ की शुरुआत में भी भारतीय टीम को कुछ समय तक संघर्ष करना पड़ा। इसके बाद भारत ने धीरे-धीरे मुकाबले पर पकड़ बनानी शुरू की। डिफेंस में सुमित ने महत्वपूर्ण टैकल किए, जबकि अर्जुन देशवाल ने रेडिंग में लगातार अंक जुटाए। स्कोर 21-21 से बराबर होने के बाद भारतीय टीम ने बढ़त बनानी शुरू की और अंत में 40-34 से मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल हासिल किया।
महिला टीम ने भी ईरान को हराया
महिला कबड्डी फाइनल में भारतीय टीम और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारत ने कई मौकों पर बढ़त बनाई, लेकिन ईरानी टीम लगातार वापसी की कोशिश करती रही। आखिरी दौर में भारतीय डिफेंस ने संयम बनाए रखा और 37-34 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

स्क्वॉश में भी भारत के दो फाइनलिस्ट
कबड्डी के अलावा स्क्वॉश में भी भारत के लिए शनिवार का दिन खास रहा। 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने जापान की वर्ल्ड नंबर-6 खिलाड़ी सातोमी वतनाबे को 3-2 से हराकर महिला सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाई। अनाहत एक समय 0-2 से पीछे थीं, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की और तीसरे गेम में दो मैच पॉइंट भी बचाए। पुरुष सिंगल्स में अभय सिंह ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को 3-0 से हराया। उन्होंने मुकाबला 11-3, 12-10, 11-6 से जीता। एशियन गेम्स में यह पहली बार है जब भारत के दो खिलाड़ी सिंगल्स कैटेगरी के फाइनल में पहुंचे हैं।
