रायपुर | पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 80 नग प्रतिबंधित टेबलेट, बिक्री रकम और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में की गई।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम की रेड
दिनांक 03 फरवरी 2026 को एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत न्यू शांति नगर स्थित मणिकर्णिका मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखकर बिक्री की फिराक में हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
80 नग निट्राजेपम, नकद रकम और मोबाइल जब्त
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए गए व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम
दुर्गेश महानंद उर्फ फुला एवं शनि टंडन उर्फ हनी बताए।
तलाशी के दौरान उनके पास से 80 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम, बिक्री रकम तथा प्रकरण से संबंधित 02 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
करीब 52 हजार रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 52,240 रुपये आंकी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। प्रकरण में End-to-End जांच और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन भी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
-
दुर्गेश महानंद उर्फ फुला (30 वर्ष), निवासी गांधी नगर, थाना सिविल लाइन, रायपुर
-
शनि टंडन उर्फ हनी (22 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर
